20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचे गए बैंक कर्मी एंटी करप्शन ट्रैप टीम की बड़ी कार्रवाई, विभागों में मचा हड़कंप।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

महराजगंज, मंगलवार जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोरखपुर की एंटी करप्शन (ट्रैप) टीम ने सहकारी ग्राम विकास बैंक के दो कर्मचारियों को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में हरिराम प्रसाद (सममति सहायक फील्ड ऑफिसर) तथा जय ओम (सममति डीड राइटर/चपरासी, अवैतनिक) शामिल हैं, जो उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की महराजगंज शाखा में कार्यरत हैं।

 

बताया गया कि शिकायतकर्ता के पिता के लोन की दूसरी किस्त जारी कराने के एवज में आरोपियों द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। पीड़ित की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने सुनियोजित रणनीति के तहत जाल बिछाया और मंगलवार दोपहर लगभग 12:45 बजे नगर पंचायत चौक स्थित ठेकी चौराहा के पास एक दुकान पर दोनों को रिश्वत की रकम लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया।

 

ट्रैप टीम ने मौके पर ही आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस मामले में थाना कोतवाली चौक में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

एंटी करप्शन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस घटना के बाद संबंधित विभागों में खलबली मची हुई है और कर्मचारियों में भय का माहौल देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *