रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज
महराजगंज, 02 जून। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। अप्रैल और मई 2026 के दौरान चलाए गए विशेष अभियान में महराजगंज पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 49 अभियुक्तों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
इसके अलावा संगठित अपराध में लिप्त 4 गैंग के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत 11 अभियुक्तों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा यह कार्रवाई जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई।
अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। पुलिस का कहना है कि समाज में भय और आतंक का माहौल पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ इसी तरह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।
जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करें, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे और कानून व्यवस्था सुदृढ़ हो सके।