महराजगंज में सड़क दुर्घटनाओं में आई कमी, जागरूकता व सख्त प्रवर्तन का दिखा असर।

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

जनपद में जनवरी से मई तक 192 दुर्घटनाएं, अप्रैल-मई में मामलों व मौतों में आई गिरावट!

 

महराजगंज, 02 जून 2026 पुलिस अधीक्षक महराजगंज के प्रभावी निर्देशन में सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान, यातायात नियमों के कड़ाई से अनुपालन और सघन प्रवर्तन कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2026 के शुरुआती महीनों की तुलना में अप्रैल और मई में सड़क दुर्घटनाओं तथा उनमें होने वाले हताहतों की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

 

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 01 जनवरी 2026 से 31 मई 2026 तक कुल 192 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें 122 लोगों की मृत्यु हुई तथा 116 लोग घायल हुए। माहवार आंकड़ों पर नजर डालें तो जनवरी में 41, फरवरी में 40, मार्च में 49, अप्रैल में 30 और मई में 32 दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। मार्च में सर्वाधिक 32 मौतें हुईं, जबकि अप्रैल में यह संख्या घटकर 27 और मई में 22 रह गई।

 

पुलिस के अनुसार, इस सुधार के पीछे लगातार चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम, यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती और दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर सुधारात्मक कार्यवाही मुख्य कारण रहे हैं।

 

इन प्रमुख कदमों का दिखा असर—

 

– सड़क सुरक्षा माह एवं विशेष जागरूकता अभियान का संचालन

– हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग के लिए अभियान

– शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई

– स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम

– ब्लैक स्पॉट चिन्हीकरण और सुधार

– हाईवे व प्रमुख मार्गों पर गश्त और निगरानी में वृद्धि

 

पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। वाहन चलाते समय नियमों का पालन करें, गति सीमा का ध्यान रखें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं।

 

जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आगे भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *