फरियादियों की सुनवाई में संवेदनशील दिखी निचलौल पुलिस, जनता की समस्या का त्वरित समाधान हमारी प्राथमिकता थानाध्यक्ष शकल दीप सिंह।

न्यूज़ 18 प्लस ब्यूरो: दिलीप कुमार पाण्डेय 

 

महराजगंज जनपद के निचलौल थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में प्रतिदिन की भांति जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं विधिक निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कराई गई।

 

जनसुनवाई के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक शकल दीप सिंह स्वयं मौजूद रहे और एक-एक फरियादी की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, रास्ता अवरोध, आपसी कहासुनी तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े मामलों में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

थाना प्रभारी शकल दीप सिंह ने कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान करना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “हमारी पहली प्राथमिकता थाने पर आने वाले फरियादियों को न्याय दिलाना और उनकी शिकायतों का शीघ्र समाधान कराना है। किसी भी पीड़ित को अनावश्यक परेशान नहीं होने दिया जाएगा।”

 

जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को कानून व्यवस्था एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की भी अपील की। साथ ही कई मामलों में दोनों पक्षों को बुलाकर आपसी सहमति से विवाद निपटाने का प्रयास भी किया गया।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि निचलौल थाने में नियमित जनसुनवाई से आम जनता को राहत मिल रही है और लोगों की समस्याओं का समाधान पहले की अपेक्षा तेजी से हो रहा है। पुलिस प्रशासन की इस पहल को क्षेत्र में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *