करमाहिया के पास तेज रफ्तार बुलेट ने मारी टक्कर, दंपति घायल निचलौल थाना क्षेत्र में सड़क हादसा, महिला जिला अस्पताल रेफर।

ब्यूरो रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी निचलौल/मुख्य सम्पादक 

 

निचलौल/महराजगंज थाना क्षेत्र के करमाहिया मुर्गी फार्म के पास बुधवार शाम एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दंपति घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया।

 

जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया थाना क्षेत्र के मुजइना निवासी संजय भारती पुत्र हीरा भारती अपनी पत्नी मैना देवी के साथ बाइक संख्या UP57AW4709 हीरो HF डीलक्स से रिश्तेदारी में धमउर जा रहे थे। शाम करीब 5:30 बजे जब वे करमाहिया मुर्गी फार्म के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बुलेट बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

 

हादसे में मैना देवी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि संजय भारती के पैर के पंजों में चोट लगी है। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मैना देवी की हालत को देखते हुए सीटी स्कैन के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि घायल महिला होश में है।

 

घटना के बाद अज्ञात बुलेट चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर वाहन और चालक की पहचान में जुटी हुई है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *