रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
महराजगंज, 4 जून। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के सुचारु, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों का विस्तृत जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में परीक्षा को पूरी तरह शुचितापूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने पर विशेष बल दिया गया। केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर तत्काल एवं कठोर कार्रवाई करने तथा अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।
पुलिस विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया कि सॉल्वर गैंग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग तथा अन्य अनुचित साधनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा की शुचिता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले केंद्र प्रभारियों, कर्मचारियों अथवा पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक को शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप परीक्षा की गरिमा एवं विश्वसनीयता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।