News 18 Plus Bureau: Maharajganj
महराजगंज: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान के तहत व्यापक जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने कुल 600 वाहनों की जांच की, जिनमें विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 213 वाहनों का ई-चालान किया गया। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखते हुए ऑपरेशन कार-ओ-बार के अंतर्गत 10 वाहन चालकों के खिलाफ ड्रंक एंड ड्राइविंग की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बने 03 मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों, 07 प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले वाहन चालकों, 05 एचएसआरपी नंबर प्लेट नियमों का उल्लंघन करने वालों तथा 04 नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुसरण करें तथा स्वयं और अन्य लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। अभियान के दौरान की गई कार्रवाई से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप रहा और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश भी गया।