न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो: सिसवा
महराजगंज: कोठीभार थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ममता विश्वकर्मा निवासी गांधी नगर वार्ड नंबर-05, सिसवा बाजार ने आरोप लगाया है कि राजन मद्धेशिया उनकी पुत्री पूजा से विवाह कर चुका है।
पीड़िता के अनुसार, 20 मई 2026 को आरोपी उनके घर पहुंचा और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। आरोप है कि विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद महिला ने कोठीभार थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश को सौंपी गई है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं।
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।