Bureau Report/ Anubhav Patel/ Nichlaul Correspondent /News 18 Plus
गांव की बदली तस्वीर, स्वच्छता अभियान को मिली नई पहचान; ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार!
जनपद महराजगंज की तहसील निचलौल अंतर्गत ग्राम सभा कड़जा में तैनात सफाई कर्मी अमेरिका प्रसाद अपनी ईमानदारी, कर्मठता और उत्कृष्ट कार्यशैली के कारण ग्रामीणों के बीच मिसाल बन गए हैं। गांव की गलियों से लेकर नालियों तक नियमित सफाई कर उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था में ऐसा बदलाव किया है कि आज हर वर्ग उनकी खुले दिल से सराहना कर रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय बाद गांव को ऐसा सफाई कर्मी मिला है जो केवल सरकारी ड्यूटी पूरी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी जिम्मेदारी को सेवा भावना के साथ निभा रहा है। प्रतिदिन समय से पहुंचकर स्वयं सफाई कार्य में जुट जाना उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी पहचान बन चुकी है।
पहले रहती थी गंदगी, अब दिख रही स्वच्छता की नई तस्वीर
स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले गांव में तैनात कई सफाई कर्मियों के कार्यकाल के दौरान साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं थी। नालियों में गंदगी, सड़कों पर कूड़े के ढेर और जलभराव जैसी समस्याओं को लेकर कई बार शिकायतें भी की गईं, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
हालांकि, अमेरिका प्रसाद के कार्यभार संभालने के बाद हालात तेजी से बदले हैं। नियमित सफाई और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली के चलते गांव पहले की तुलना में अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित दिखाई देने लगा है।
वीडियो और तस्वीरें बनीं मेहनत की गवाही
ग्रामीणों का कहना है कि उपलब्ध वीडियो और तस्वीरों में स्पष्ट देखा जा सकता है कि अमेरिका पार्षद स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पूरी लगन और मेहनत से सफाई कार्य करते हैं। गांव के बुजुर्ग, महिलाएं और युवा सभी उनकी कार्यनिष्ठा की प्रशंसा करते नहीं थक रहे हैं।
“ऐसे कर्मचारी का तबादला नहीं होना चाहिए” — ग्रामीणों की एकजुट मांग
गांव में अमेरिका प्रसाद के संभावित तबादले की चर्चा के बीच ग्रामीणों ने प्रशासन से भावुक अपील की है कि उनका स्थानांतरण न किया जाए। उनका कहना है कि वर्षों बाद गांव को ऐसा जिम्मेदार और मेहनती कर्मचारी मिला है, जिसने अपने कार्य से लोगों का विश्वास जीता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि उनका तबादला किया गया तो ग्राम सभा कड़जा एक समर्पित और ईमानदार सफाई कर्मी को खो देगा, जिससे स्वच्छता व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांग
«“अमेरिका प्रसाद को ग्राम सभा कड़जा में ही कार्यरत रखा जाए। उनकी मेहनत और ईमानदारी से गांव की तस्वीर बदली है। ऐसे कर्मठ कर्मचारी का तबादला किसी भी कीमत पर नहीं होना चाहिए।”»
आज कड़जा गांव में हर जुबान पर सिर्फ एक ही नाम है— अमेरिका प्रसाद, जिनकी निष्ठा, सादगी और सेवा भावना ने उन्हें ग्रामीणों की पहली पसंद बना दिया है।