Bureau Report /Anubhav Patel /Ghugli Correspondent /News 18 Plus
महराजगंज जनपद के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा ब्राह्मण उर्फ बरीगांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद कमरे में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटों के साथ धुआं पूरे इलाके में फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमरे से अचानक धुआं निकलता देख ग्रामीणों ने शोर मचाया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने कमरे में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं और आग की तेज लपटों को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने बिना देर किए पानी, बाल्टी और अन्य स्थानीय संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत और सामूहिक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
हालांकि इस घटना में कमरे में रखा फर्नीचर, कपड़े, बिस्तर और अनाज समेत लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह हादसा और भी भयावह रूप ले सकता था। फिलहाल, पूरे गांव में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।