Bureau Report/ Dilip Kumar Pandey Sinduriya /Correspondent /News 18 Plus
सिंदुरिया क्षेत्र में गांजा, अवैध शराब और अनैतिक गतिविधियों को लेकर उठे सवाल, जनता ने की निष्पक्ष जांच की मांग!
महराजगंज जनपद के सिंदुरिया, मिठौरा, भेड़िया, बलुअही, धुस तथा देउरवा क्षेत्र में कथित अवैध गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों के बीच लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा कारोबार और अनैतिक गतिविधियों से जुड़े आरोप समय-समय पर सामने आते रहे हैं। बावजूद इसके, ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों और खबरों के प्रकाशन के बाद भी अपेक्षित स्तर पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि जिन स्थानों पर कथित रूप से अवैध कारोबार संचालित होने की बातें सामने आती हैं, वहां से संबंधित सूचनाएं प्रशासन तक पूरी गंभीरता से नहीं पहुंच पातीं। वहीं दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है तथा कानून व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
वायरल वीडियो और स्थानीय चर्चाओं ने बढ़ाए सवाल?
कुछ समय पूर्व सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कथित रूप से गांजा बेचने वाला व्यक्ति अलग-अलग मात्रा के हिसाब से कीमतें बताते हुए दिखाई दिया था। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में कार्रवाई को लेकर कई तरह के सवाल उठे थे। हालांकि वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मिठौरा क्षेत्र को लेकर भी उठ रही मांग!
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मिठौरा ब्लॉक के आसपास कुछ स्थानों पर अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं तो संबंधित एजेंसियों को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
देउरवा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब को लेकर चर्चा
ग्रामीणों का कहना है कि देउरवा तथा आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार को लेकर समय-समय पर चर्चाएं होती रही हैं। लोगों का मानना है कि यदि कहीं भी अवैध कारोबार संचालित हो रहा है तो उस पर तत्काल प्रभाव से रोक लगनी चाहिए ताकि युवाओं और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को रोका जा सके।
जनता की मांग: संवेदनशील स्थानों पर लगें सीसीटीवी कैमरे
क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने मांग की है कि जिन स्थानों पर बार-बार शिकायतें सामने आती हैं, वहां प्रशासन द्वारा उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इससे गतिविधियों की निगरानी आसान होगी और किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
पारदर्शी जांच से ही दूर होंगे संदेह।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि प्रशासन और पुलिस सभी शिकायतों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराए तो क्षेत्र में फैली चर्चाओं और अफवाहों पर स्वतः विराम लग जाएगा। लोगों का मानना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
जनता का संदेश
“खबरों का सिलसिला तब तक जारी रहेगा, जब तक क्षेत्र में अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लगता और कानून का राज पूरी मजबूती के साथ स्थापित नहीं होता।”
समाचार में वर्णित आरोप स्थानीय लोगों, शिकायतकर्ताओं और सूत्रों द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।