*स्वनिधि महोत्सव में गूंजा ‘12 साल बेमिसाल’ का संदेश, रेहड़ी-पटरी कारोबारियों और किसानों को योजनाओं की दी जानकारी।*

Bureau Report/ Narsingh Upadhyay Maharajganj /News 18 Plus /Sub Editor

 

महराजगंज, 19 जून 2026। केंद्र सरकार के सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनकल्याण शिविर एवं विकास प्रदर्शनी के तीसरे दिन शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य स्वनिधि महोत्सव एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं महराजगंज सांसद पंकज चौधरी ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों एवं विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा लाभार्थियों एवं आमजन से संवाद किया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश की दिशा और दशा में व्यापक परिवर्तन आया है। आज भारत की आवाज पूरी दुनिया में मजबूती के साथ सुनी जा रही है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास और समर्थन के बल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल हो चुके हैं।

 

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला और वंचित वर्ग के उत्थान को प्राथमिकता देते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा है। सरकार द्वारा चार करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित किया गया है। इसके साथ ही 16 करोड़ से अधिक घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य किया गया है तथा उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।

 

प्राकृतिक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से कृषि लागत बढ़ रही है और खाद्यान्न की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है। ऐसे में प्राकृतिक खेती एक प्रभावी विकल्प बनकर उभरी है। उन्होंने बताया कि देश में लगभग 94,300 हेक्टेयर भूमि पर प्राकृतिक खेती की जा रही है तथा लाखों किसान इससे जुड़कर लाभान्वित हो रहे हैं। प्राकृतिक खेती न केवल किसानों की लागत कम करती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और मानव स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिकों एवं प्रगतिशील किसानों द्वारा साझा किए गए अनुभव जनपद के किसानों के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे।

 

स्वनिधि महोत्सव के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना देश के रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लिए एक क्रांतिकारी पहल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक इस वर्ग की समस्याओं पर किसी ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की शुरुआत की। योजना के तहत प्रदेश में लाखों लाभार्थियों को ब्याज एवं जमानत मुक्त ऋण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 15 लाख से अधिक लाभार्थियों को पहली किश्त के रूप में 1602.56 करोड़ रुपये, 5.88 लाख से अधिक लाभार्थियों को दूसरी किश्त के रूप में 1197.10 करोड़ रुपये तथा 1.17 लाख से अधिक लाभार्थियों को तीसरी किश्त के रूप में 583.98 करोड़ रुपये का ऋण प्रदान किया गया है।

 

उन्होंने बताया कि महराजगंज जनपद में भी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 11,205 रेहड़ी-पटरी व्यवसायी लाभान्वित हुए हैं, जिन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने और विस्तार देने के लिए लगभग 24.58 करोड़ रुपये का जमानत एवं ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि स्वनिधि महोत्सव के माध्यम से योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगी और पात्र लाभार्थी इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित होंगे।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महराजगंज जनपद में विकास की नई धारा प्रवाहित हुई है। उन्होंने कहा कि जिले में सड़कों का चौड़ीकरण, बस स्टेशन का निर्माण, रेलवे परियोजनाओं का विस्तार तथा स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में महिलाएं एवं बेटियां बिना किसी भय के अपने कार्य कर रही हैं तथा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति में भी सुधार हुआ है।

 

इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, विश्वकर्मा योजना, टूलकिट योजना, व्यक्तिगत शौचालय योजना, आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाभी, टूलकिट, डेमो चेक एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया।

 

कार्यक्रम में सूचना विभाग की ओर से वीरसेन, राजाराम भारती एवं ओमप्रकाश यादव द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। वहीं स्टर्लिंग पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

 

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, परियोजना निदेशक रामदरस चौधरी, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, जिला पंचायत राज अधिकारी, उप कृषि निदेशक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बड़ी संख्या में किसान, लाभार्थी एवं आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *