Bureau Report /Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor
महाराजगंज जिले के निचलौल थाना अंतर्गत आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से निचलौल तहसील क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को ग्राम सभा झूलनीपुर में प्रशासन, पुलिस और एसएसबी के संयुक्त तत्वावधान में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व उपजिलाधिकारी निचलौल, क्षेत्राधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह तथा थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने किया। इस दौरान थाना निचलौल एवं चौकी बहुआर का पुलिस बल भी मौजूद रहा। वहीं 22वीं वाहिनी एसएसबी झूलनीपुर के सहायक कमांडेंट हेमंत चौहान अपनी टीम के साथ फ्लैग मार्च में शामिल हुए।
फ्लैग मार्च गांव के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। अधिकारियों ने आमजन से संवाद स्थापित करते हुए मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। साथ ही लोगों को यह संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को दें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। असामाजिक तत्वों एवं शांति भंग करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास का माहौल देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने का भरोसा दिलाया।
प्रशासन ने सभी धर्मों और समुदायों के लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा त्योहार को परंपरागत एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है।