Bureau Report /Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor
छत्रपति शाहू जी महाराज स्पोर्ट्स स्टेडियम में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन, हजारों लोगों की भागीदारी!
महराजगंज, 21 जून 2026।12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद महराजगंज में भव्य योगोत्सव का आयोजन किया गया। छत्रपति शाहू जी महाराज स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने आम जनमानस, प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस बल के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर ‘स्वस्थ मन, स्वस्थ समाज’ का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंगलाचरण के साथ हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के संतुलन का वैज्ञानिक माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज योग को वैश्विक स्तर पर जो पहचान मिली है, वह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने भी योगाभ्यास में सक्रिय भाग लेते हुए जनपदवासियों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि योग मानसिक तनाव को दूर कर कार्यक्षमता बढ़ाने का सशक्त माध्यम है।
योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, वज्रासन, भुजंगासन सहित कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास किया। ध्यान एवं शांति पाठ के साथ सत्र का समापन हुआ।
कार्यक्रम के अंत में योग एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षकों और छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।