*गर्लफ्रेंड को मैसेज करना पड़ा भारी, उद्योग चौराहे पर युवकों में जमकर मारपीट; पुलिस ने तीन अभियुक्त किया चालान।*

Bureau Report /Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor 

महराजगंज। शहर के व्यस्त उद्योग चौराहे पर मंगलवार को गर्लफ्रेंड को मैसेज करने के विवाद को लेकर दो पक्षों के युवकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के युवकों को शांत कराया। पुलिस ने घटनास्थल से करीब आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद की शुरुआत एक युवक द्वारा दूसरे युवक की गर्लफ्रेंड को सोशल मीडिया के माध्यम से मैसेज भेजने को लेकर हुई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। चौराहे पर हुई इस घटना से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

 

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के बाद तीन अभियुक्तों के खिलाफ शांति भंग की आशंका के तहत धारा 151 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है। अन्य लोगों को आवश्यक चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

 

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है कि सोशल मीडिया और निजी विवाद अब सड़कों पर हिंसक झगड़े का रूप लेने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *