Bureau Report/ Rakesh Tripathi Maharajganj /News 18 Plus /Chief Editor
आपदा से निपटने की तैयारी परखा गया रिस्पांस टाइम, फायर कर्मियों की तत्परता की हुई जांच!
महराजगंज, 24 जून। अग्निकांड जैसी आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने और बचाव व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार प्रातः फायर सर्विस विभाग द्वारा पुलिस लाइन स्थित बहुमंजिला भवन में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर फायर कर्मियों ने न्यूनतम रिस्पांस टाइम में राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान फायर सर्विस टीम ने भवन में मौजूद लोगों को आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा बचाव के उपायों की व्यावहारिक जानकारी दी। साथ ही अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया का भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
मॉक ड्रिल के माध्यम से विभाग की आपदा प्रबंधन क्षमता, फायर कर्मियों की सक्रियता एवं त्वरित कार्रवाई की दक्षता का भी परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल सूचना देकर निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन करना चाहिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों और मॉक ड्रिल का उद्देश्य आमजन में जागरूकता बढ़ाना तथा आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि जनसुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।