Bureau Report /Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus/ Chief Editor
महराजगंज, 23 जून 2026:उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में महराजगंज की उल्लेखनीय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय सभागार में आर्थिक गतिविधियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर लक्ष्य आधारित कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में प्रत्येक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों से नवाचार आधारित कार्य संस्कृति अपनाने तथा रोजगार और आय सृजन की संभावनाओं को बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने बताया कि पर्यटन, कृषि, एमएसएमई, पशुपालन, मत्स्य पालन और सेवा क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं, जिनका अधिकतम उपयोग किया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित अनौपचारिक आर्थिक गतिविधियों को औपचारिक अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने होटल, रेस्टोरेंट, औद्योगिक इकाइयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी इकाइयों का नियमानुसार पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि आर्थिक गतिविधियों का दायरा बढ़े और रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
उन्होंने कृषि उत्पादन के साथ-साथ अंडा, दुग्ध एवं मत्स्य उत्पादन में वृद्धि के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही प्राथमिक क्षेत्र के साथ द्वितीयक क्षेत्र में निवेश और उत्पादन बढ़ाने पर बल देते हुए स्थानीय संसाधनों एवं संभावनाओं के अनुरूप नवाचार आधारित परियोजनाएं विकसित करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 30,24,621 करोड़ रुपये रही है, जिसे वर्ष 2029-30 तक वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं महराजगंज जनपद की अर्थव्यवस्था वर्ष 2024-25 में 23,102 करोड़ रुपये रही, जो प्रदेश की कुल अर्थव्यवस्था का 0.76 प्रतिशत है। जनपद की आर्थिक वृद्धि दर 15.3 प्रतिशत दर्ज की गई, जो प्रदेश की 13.4 प्रतिशत वृद्धि दर से अधिक है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, उपायुक्त एनआरएलएम मो. जाकिर, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी निरंकार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।