*1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों का होगा विभाजन, 1 जुलाई तक मांगे गए सुझाव।*

Bureau Report/ Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor 

मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक में निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर मंथन, 4 जुलाई को जारी होगी प्रारूप मतदेय स्थल सूची!

 

महराजगंज, 29 जून 2026। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों एवं मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक के दौरान भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की प्रतियां सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गईं। बताया गया कि आयोग के निर्देशानुसार 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों का नियमानुसार विभाजन किया जाएगा। इसके लिए सभी उपजिलाधिकारियों को प्रस्तावित मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के पास मतदेय स्थलों के संबंध में कोई सुझाव या प्रस्ताव है तो वह 1 जुलाई 2026 की सायं तक जिला निर्वाचन कार्यालय, महराजगंज में लिखित रूप से उपलब्ध करा सकता है, ताकि संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा उसका परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

 

बैठक में जानकारी दी गई कि मतदेय स्थलों का निर्धारण होने के बाद नई प्रारूप मतदेय स्थल सूची 4 जुलाई 2026 को प्रकाशित की जाएगी और इसकी प्रतियां सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके बाद प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों पर विचार के लिए 18 जुलाई 2026 को पुनः बैठक आयोजित की जाएगी, जिसके बाद सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, गिरजाघर अथवा अन्य धार्मिक महत्व के भवन को मतदेय स्थल नहीं बनाया जाएगा। इसी प्रकार पुलिस थाना, चिकित्सालय अथवा औषधालय को भी मतदान केंद्र के रूप में प्रस्तावित नहीं किया जाएगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्र की दूरी सामान्यतः दो किलोमीटर से अधिक न हो।

 

बैठक में बताया गया कि अंतिम प्रस्ताव निर्धारित समयसीमा के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को आयोग के अनुमोदन हेतु भेजा जाएगा। सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया पर सहमति जताते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग का आश्वासन दिया।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) डॉ. प्रशांत कुमार, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद, एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी प्रेम शंकर पांडेय, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार, कांग्रेस से अफजल अब्बासी, आम आदमी पार्टी से पशुपतिनाथ गुप्ता, भाजपा से प्रभाकर द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *