Bureau Report /Rajiv Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Co-Editor
जेल मैन्युअल के अनुरूप सुविधाएं, विधिक सहायता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और महिला-बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां सुनिश्चित करने के निर्देश!
महराजगंज, 29 जून 2026 जिला जज अरविंद मालिक तथा जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को जिला कारागार महराजगंज का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुरुष बैरक, महिला बैरक, रसोई तथा जेल परिसर का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला जज ने बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए जेल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बंदियों को जेल मैन्युअल के अनुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समन्वय से विधिक सहायता भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही बीमार बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और उन्हें समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
महिला बंदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों के मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने पर जोर देते हुए उन्होंने उनके लिए विशेष कक्षाओं एवं रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को जिला जज के निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सीजेएम मुकेश यादव, जेल अधीक्षक बी.के. गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।