*मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा व साइबर जागरूकता का संदेश!*

Bureau Report /Mohammad Akram Khan Thuthibari /Correspondent/ News 18 Plus 

 

नए कानूनों, महिला अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों और डिजिटल ठगी से बचाव की दी गई जानकारी।

महराजगंज। जनपद में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति चरण-5.0 के तहत बुधवार को थाना बरगदवा पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। मिशन शक्ति टीम, एंटी रोमियो टीम और साइबर टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को एकत्रित कर उन्हें नए कानूनों, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

 

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को देश में लागू नए कानूनों की सरल भाषा में जानकारी देते हुए बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया। साथ ही महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में बिना भय के शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

 

कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, सखी-एकल सहायता केंद्र तथा बाल यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीम ने महिलाओं को आपात स्थिति में 1090 (महिला पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा) और 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) का निडर होकर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

 

साइबर टीम ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, एक बार उपयोग होने वाला गुप्त अंक (ओटीपी) किसी के साथ साझा न करने तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

 

इस जागरूकता अभियान में मुख्य रूप से हेड कांस्टेबल राजन दुबे एवं महिला कांस्टेबल सपना सहित मिशन शक्ति, एंटी रोमियो और साइबर टीम के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *