Bureau Report /Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus/ Chief Editor
महराजगंज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शिक्षा क्षेत्र को सशक्त बनाने और शिक्षक-कर्मचारियों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से तीन महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ किया। इनमें मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से धनराशि का अंतरण तथा भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और बेसिक शिक्षा विभाग के बीच विशेष सरकारी वेतन पैकेज (एसजीएसपी) के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) शामिल हैं।
जनपद महराजगंज में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बुद्ध सभागार, कलेक्ट्रेट में किया गया, जहां बड़ी संख्या में अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष जसवंत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, सशक्त और शिक्षक-केंद्रित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शुरू की गई तीनों योजनाएं शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और उनके परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएंगी। उन्होंने शिक्षकों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत प्रदेश के बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक (सीडब्ल्यूएसएन), अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डन एवं शिक्षण स्टाफ, प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइया तथा उनके आश्रित परिवारजन लाभान्वित होंगे। महराजगंज जनपद में इस योजना से 12,628 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया एवं स्पेशल एजुकेटर लाभान्वित होंगे।
शैक्षिक सत्र 2026-27 के प्रथम चरण में परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के 1,61,252 विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में ₹1,200 प्रति विद्यार्थी की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी गई।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय स्टेट बैंक और बेसिक शिक्षा विभाग के बीच विशेष सरकारी वेतन पैकेज (एसजीएसपी) के लिए ऐतिहासिक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस योजना के अंतर्गत स्थायी शिक्षक, शासकीय एवं संविदा कार्मिक, समग्र शिक्षा योजना के कर्मचारी तथा मध्यान्ह भोजन योजना के रसोइया लाभान्वित होंगे।
एसबीआई अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष वेतन पैकेज के तहत ₹10 लाख से ₹1 करोड़ तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, ग्रुप टर्म इंश्योरेंस, हवाई दुर्घटना बीमा, स्थायी एवं आंशिक दिव्यांगता सुरक्षा, जीवन बीमा, होम, कार एवं पर्सनल लोन पर प्रोसेसिंग शुल्क में विशेष छूट, प्रीमियम रुपे डेबिट कार्ड तथा आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा आकस्मिक परिस्थितियों में शिक्षक एवं कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा तथा पुत्री के विवाह के लिए भी विशेष सुरक्षा लाभ दिए जाएंगे।
इस अवसर पर बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 25 शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन जनपद मुख्यालय के साथ-साथ चारों तहसीलों में भी किया गया, जहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाते हुए शिक्षकों एवं कर्मचारियों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार सिंह, प्राचार्य डायट, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सरबजीत कुमार सिंह, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक ज्ञान प्रकाश, लीड बैंक मैनेजर भूपेंद्र मिश्रा, मुख्य प्रबंधक एसबीआई महराजगंज दिव्या गौर, खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग एवं बैंक के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।