*भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख नेपाली मुद्रा के साथ युवक गिरफ्तार।*

Bureau Report /News 18 Plus /Nichlaul 

 

सीमा स्तंभ 501 के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया नेपाली नागरिक, बाइक व मोबाइल भी जब्त; दस्तावेज न दिखाने पर कस्टम को सौंपा गया।

 

निचलौल। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लाख नेपाली मुद्रा के साथ एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी तथा बरामद सामान को अग्रिम कार्रवाई के लिए निचलौल कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।

 

एसएसबी के अनुसार झुलनीपुर बीओपी को सूचना मिली थी कि भारत से नेपाल की ओर सीमा स्तंभ संख्या 501 के समीप रेंगहिया मार्ग से एक व्यक्ति संदिग्ध तरीके से नकदी लेकर जाने वाला है। सूचना मिलते ही एसएसबी ने सीमावर्ती क्षेत्र में सघन निगरानी और चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।

 

इसी दौरान भारत की ओर से नेपाल की दिशा में तेज गति से जा रही एक बाइक को रोकने का प्रयास किया गया। जवानों को देखकर चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क एसएसबी टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।

 

पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान शिव कुमार कोइरी, निवासी ग्राम बसहिया, थाना बसहिया, जिला नवलपरासी (नेपाल) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 लाख नेपाली मुद्रा बरामद हुई। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे निचलौल निवासी एक व्यक्ति से भारतीय मुद्रा प्राप्त हुई थी, जिसे उसने ठूठीबारी क्षेत्र में नेपाली मुद्रा में बदलवाया और उसे लेकर नेपाल जा रहा था। उसने यह भी दावा किया कि यह रकम कबाड़ के कारोबार से जुड़े पुराने भुगतान की है।

 

हालांकि, एसएसबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी बरामद राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वयं को नेपाल में बीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र भी बताया।

 

एसएसबी ने बरामद नेपाली मुद्रा, बाइक और मोबाइल फोन को जब्त करते हुए आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए निचलौल कस्टम विभाग को सौंप दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *