Bureau Report/ News 18 Plus /Siswa Kothibar
महराजगंज। जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विशुनपुरा में खेत की पैमाइश के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। राजस्व विभाग की मौजूदगी में चल रही पैमाइश के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मारपीट की नौबत आ गई। घटना के बाद एक महिला ने कोठीभार थाने में तहरीर देकर विपक्षी पक्ष पर मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को शाम करीब 4 बजे गांव में राजस्व विभाग की टीम खेत की पैमाइश कर रही थी। इसी दौरान भूमि की सीमा को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में उग्र हो गया। महिला का आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और बीच-बचाव के लिए पहुंचे उसके परिजनों के साथ भी हाथापाई करते हुए अभद्र व्यवहार किया। घटना में परिवार के कई लोगों को चोटें आने की बात भी कही गई है।
महिला ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान विपक्षी पक्ष ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कोठीभार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर घटनास्थल से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कर रही है। मामले की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी का पक्ष
कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त होने के बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूरे मामले की गंभीरता से सुनवाई की गई। प्रथम दृष्टया प्राप्त तथ्यों के आधार पर दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस निष्पक्ष तरीके से मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।