Bureau Report /Correspondent /News 18 Plus /Maharajganj
महराजगंज। जनपद में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को यातायात पुलिस ने परतावल कस्बा क्षेत्र में संचालित स्कूलों और कॉलेजों की बसों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान स्कूली बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन निकास (इमरजेंसी विंडो) तथा फर्स्ट एड बॉक्स सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी स्कूली बसों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, वाहन निर्धारित गति सीमा के भीतर संचालित हों तथा बसों में अग्निशामक यंत्र और पर्याप्त फर्स्ट एड बॉक्स हमेशा उपलब्ध रहे।
इसके अलावा विद्यालय आने-जाने वाले दोपहिया वाहन चालकों और छात्रों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा बिना हेलमेट वाहन न चलाने की हिदायत दी गई। अभियान के दौरान जिन वाहनों में यातायात नियमों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।