*महराजगंज में लाभार्थी एवं जनसंवाद सम्मेलन, 20 नए लाभार्थियों को मिले राशन कार्ड।*

Bureau Report/ Correspondent/ News 18 Plus Maharajganj  

 

 

खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय बोले— तीन माह में सभी पात्र वंचितों के बनेंगे राशन कार्ड, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां!

 

महराजगंज। जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज परिसर में गुरुवार को खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से ‘लाभार्थी एवं जनसंवाद सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने की, जबकि मुख्य अतिथि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं महराजगंज सांसद पंकज चौधरी रहे। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

 

सम्मेलन को संबोधित करते हुए खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि देश के लगभग 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है तथा किसानों की उपज की रिकॉर्ड खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जा रही है।

 

मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है। उन्होंने घोषणा की कि अगले तीन माह के भीतर पात्र वंचित व्यक्तियों की पहचान कर उनके राशन कार्ड बनवाए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे।

 

मुख्य अतिथि पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के आवास, शौचालय, निःशुल्क राशन और जनधन खातों के माध्यम से सीधा लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को दोहराया।

 

कार्यक्रम के दौरान 20 नव-पात्र लाभार्थियों को राशन कार्ड वितरित किए गए, जबकि एमएसपी योजना के 10 लाभार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंत्री एवं सांसद ने विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली।

 

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, पूर्व विधायक बजरंगी सिंह, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही, डिप्टी आरएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, उचित दर विक्रेता, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *