सक्सेना नगर की बदहाल सड़क बनी मुसीबत, वर्षों से इंतजार कर रहे लोग; नगर पालिका पर अनदेखी का आरोप!

News 18 Plus/ Bureau: Maharajganj

 

महराजगंज। नगर पालिका परिषद महराजगंज के सक्सेना नगर मोहल्ले (नवीन उपमंडी गेट के सामने) स्थित सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। वर्षों से जर्जर पड़ी इस सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, जलभराव और उखड़ी हुई सतह के कारण लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बरसात के दिनों में हालात और भी भयावह हो जाते हैं, जब पूरी सड़क कीचड़ और पानी से भर जाती है।

 

मोहल्ले के निवासियों के अनुसार, इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में फिसलने और चोट लगने का खतरा बना रहता है, वहीं मरीजों को अस्पताल ले जाने के दौरान एंबुलेंस और अन्य वाहनों को भी कठिनाई झेलनी पड़ती है। कई बार दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।

 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार नगर पालिका परिषद, संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। वर्षों बीत जाने के बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे मोहल्ले के लोगों में भारी नाराजगी है।

 

निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर क्षेत्र की अन्य सड़कों का निर्माण और मरम्मत कार्य कराया गया, लेकिन सक्सेना नगर की इस सड़क को लगातार नजरअंदाज किया गया। उनका कहना है कि विकास कार्यों में भेदभाव किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

 

स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए तत्काल सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त हो सके।

 

स्थानीय लोगों की प्रमुख मांगें:

सक्सेना नगर की जर्जर सड़क का तत्काल निर्माण कराया जाए।जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए,सड़क निर्माण में हो रही कथित अनदेखी की जांच कराई जाए,बरसात के दौरान आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *