*निचलौल पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल!*

News 18 Plus /correspondent/ Nichlaul 

 

डीजल चोरी, मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप; थाने में नहीं मिली कार्रवाई, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार।

 

महराजगंज। जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र की पुलिस कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। एक पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि डीजल चोरी, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर मामले में स्थानीय थाने में शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद पीड़ित ने जनता दर्शन में पहुंचकर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी से न्याय की गुहार लगाई।

 

शिकायती पत्र के अनुसार, टिकुलहिया गांव निवासी मंगल पुत्र दुखी ने आरोप लगाया है कि 1 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे उसके खेत में लगे परमानेन्ट पाइप को काटकर डीजल निकाल लिया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कराया।

 

पीड़ित का कहना है कि घटना की सूचना निचलौल थाने में दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।

 

गौरतलब है कि जनता दर्शन के दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी अक्सर अधिकारियों को निर्देश देते हैं कि शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण थाना स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए। ऐसे में यदि पीड़ित के आरोप सही हैं तो यह स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

 

अब देखना होगा कि पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आने के बाद इस मामले में क्या कार्रवाई होती है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *