*इंजेक्शन के बाद मासूम की मौत, निजी नर्सिंग होम पर बवाल!*

News 18 Plus/ Bureau: Siswa Kothibar

 

परिजनों का आरोप—इलाज में लापरवाही, स्टाफ मौके से गायब; पुलिस पहुंची तो संभला हालात।

महराजगंज जिले के सिसवा नगर क्षेत्र में स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में 9 वर्षीय बालक की मौत से हड़कंप मच गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने नर्सिंग होम के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र से एक महिला अपने बेटे को इलाज के लिए सिसवा के विवेकानंद नगर वार्ड स्थित एक निजी चिकित्सालय में लेकर पहुंची थी। उपचार के दौरान बच्चे को एक इंजेक्शन दिया गया, जिसके कुछ ही समय बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों का कहना है कि देखते ही देखते बच्चे ने दम तोड़ दिया।

 

मासूम की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि घटना के तुरंत बाद नर्सिंग होम का स्टाफ वहां से निकल गया और संस्थान को बंद कर दिया गया। इससे नाराज भीड़ ने अस्पताल परिसर के बाहर नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को नियंत्रित किया।

 

घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इसी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान एक अन्य मरीज की मौत का मामला सामने आ चुका है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई। संबंधित स्टाफ से पूछताछ भी की गई, लेकिन पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण आगे की कार्रवाई नहीं हो सकी।

 

फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर निजी नर्सिंग होम की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *