*तेज रफ्तार बाइक बनी जानलेवा: साइकिल सवार दंपति को मारी टक्कर, महिला की हालत नाजुक!*

News 18 Plus /Bureau: Nichlaul

महराजगंज जनपद के निचलौल क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा जमुई कला निवासी गिरजेश कनौजिया अपनी पत्नी मैनावती (35 वर्ष) के साथ साइकिल से निचलौल बाजार जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े। हादसे में मैनावती को गंभीर चोटें आईं, जबकि गिरजेश भी घायल हो गए।

 

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद मैनावती की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सवार को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *