Bureau Report/ Rakesh Tripathi Maharajganj /News 18 Plus /Chief Editor
अवैध मेडिकल स्टोरों पर कार्रवाई और लंबित लाइसेंस जारी करने की माँग तेज।
महराजगंज। जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर फार्मासिस्टों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। रविवार को आयोजित ‘फार्मेसी एंड फार्मासिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन’ की जिला कार्यकारिणी की बैठक में अवैध मेडिकल स्टोरों के संचालन, बिना पंजीकृत फार्मासिस्ट के दवा बिक्री और लंबित ड्रग लाइसेंस जैसे गंभीर मुद्दों पर कड़ा रुख अपनाया गया।
बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि जनपद में बड़ी संख्या में अवैध मेडिकल स्टोर धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं, जबकि औषधि निरीक्षक और संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। बिना योग्य फार्मासिस्ट के दवा बिक्री से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
संगठन ने यह भी मुद्दा उठाया कि कई फार्मासिस्टों के ड्रग लाइसेंस लंबे समय से लंबित पड़े हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और पेशेवर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर विभाग का उदासीन रवैया संगठन के सदस्यों में भारी नाराजगी का कारण बन गया है।
स्थिति को गंभीर मानते हुए संगठन ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि उनकी माँगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो अगले सप्ताह से औषधि प्रशासन कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इस संबंध में सहायक आयुक्त (औषधि), गोरखपुर मंडल को ज्ञापन भी भेजा जा चुका है।
जिलाध्यक्ष शेषमणि गुप्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि अब लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्मासिस्टों के अधिकारों की रक्षा और जनहित में संगठन आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार है।