*श्रावण मास को लेकर इटहिया शिव मंदिर में सुरक्षा कड़ी, एएसपी ने किया निरीक्षण!*

News 18 Plus /Bureau /Thuthibari

 

महराजगंज, 29 जुलाई 2026। श्रावण मास के मद्देनजर जिले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने ठूठीबारी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध इटहिया शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

आगामी श्रावण मास में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर और गर्भगृह में श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित दर्शन के लिए बैरिकेडिंग और कतार प्रबंधन को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

 

असामाजिक तत्वों, जेबकतरों और अराजकता फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और सादे वस्त्रों में पुलिस टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए चिन्हित पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बनने देने के निर्देश यातायात पुलिस को दिए गए।

 

मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की भी जांच की गई और कंट्रोल रूम के माध्यम से 24 घंटे निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *