News 18 Plus/ Bureau: Nautanwa
लखनऊ/महराजगंज:नौतनवा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्थानीय विधायक ऋषि त्रिपाठी ने मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नौतनवा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सहित उससे जुड़े जर्जर सरकारी भवनों के पुनर्निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि स्वास्थ्य केंद्र और उससे जुड़े कई भवन लगभग छह दशक पुराने हो चुके हैं और अब पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच गए हैं। भवनों की खराब स्थिति के कारण न केवल स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, बल्कि मरीजों और चिकित्सकों दोनों को गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि नौतनवा क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण प्रतिदिन इलाज के लिए इस स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर रहते हैं। बावजूद इसके, भवन की बदहाल स्थिति के चलते बेहतर चिकित्सा सेवाएं देना मुश्किल हो रहा है। बरसात और गर्मी के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे मरीजों की परेशानी कई गुना बढ़ जाती है।
विधायक ने यह भी ध्यान दिलाया कि अस्पताल परिसर में बने सरकारी आवास भी अत्यंत जर्जर हो चुके हैं। इन आवासों में रहने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को सुरक्षा और सुविधाओं की भारी कमी झेलनी पड़ रही है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही नए भवन निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मुलाकात के दौरान विधायक ऋषि त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को एक स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार भी व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व महराजगंज जिला प्रशासन द्वारा भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन निर्माण के लिए अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। अब मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों को जल्द ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है।