*जिला कारागार पर डीएम–एसपी का आकस्मिक छापा, सुरक्षा व्यवस्था की हुई गहन जांच!*

News 18 Plus/ Bureau /Maharajganj 

 

महराजगंज, 30 जुलाई 2026। जिला कारागार महराजगंज में गुरुवार को उस समय हलचल मच गई, जब जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने आकस्मिक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों और अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान सभी बैरकों की सघन तलाशी ली गई तथा निरुद्ध बंदियों की सुरक्षा, निगरानी और रिकॉर्ड की जांच की गई। कारागार परिसर की स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। मौके पर जेल अधीक्षक सहित कारागार प्रशासन और पुलिस बल मौजूद रहा।

 

जेल अधीक्षक ने बताया कि कारागार में सुरक्षा मानकों के अनुरूप नियमित रूप से तलाशी और निरीक्षण अभियान चलाया जाता है, जिससे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर नियंत्रण रखा जा सके।

 

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कारागार प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही बैरकों का नियमित निरीक्षण करने, शातिर एवं संवेदनशील बंदियों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के लिए कहा।

 

अधिकारियों के इस अचानक निरीक्षण से कारागार प्रशासन में सतर्कता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *