*सीमा पर सख्ती का असर: 10 बोरी अवैध यूरिया के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, तीन बाइक जब्त!*

News 18 Plus /Bureau /Thuthibari 

 

ठूठीबारी (महराजगंज)। सीमावर्ती क्षेत्र में खाद एवं अन्य अवैध सामानों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने नेपाल सीमा के निकट से 10 बोरी अवैध यूरिया खाद के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं।

 

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी रवीन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। थानाध्यक्ष ठूठीबारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस एवं एसएसबी की टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 01 अगस्त 2026 की देर रात बृजलाल डिग्री कॉलेज, राजाबारी के सामने गुरुकुल प्लाटिंग की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर खाद ले जा रहे युवकों को घेराबंदी कर रोका गया और तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध यूरिया खाद बरामद हुई।

 

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान उस्मान (26 वर्ष) पुत्र निजामुद्दीन एवं पिन्टू गुप्ता (27 वर्ष) पुत्र जगदीश कुमार गुप्ता, दोनों निवासी राजाबारी, थाना ठूठीबारी, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।

 

पुलिस ने मौके से कुल 10 बोरी यूरिया खाद बरामद की। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें—HF डिलक्स (UP56W-4180), हीरो होंडा (UP56A-3374) और हीरो स्पलेंडर (UP56C-6982)—को भी कब्जे में ले लिया गया।

 

थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों एवं बरामद माल के विरुद्ध सीमा शुल्क अधिनियम-1962 की धारा 111 के तहत कार्रवाई की गई है। अग्रिम विधिक कार्यवाही हेतु अभियुक्तों एवं जब्त सामान को कस्टम कार्यालय को सुपुर्द कर दिया गया है।

 

संयुक्त कार्रवाई में पुलिस टीम से उपनिरीक्षक रमेश पुरी, हेड कांस्टेबल अनिल सिंह, कांस्टेबल अभिषेक चौधरी शामिल रहे। वहीं एसएसबी की 22वीं वाहिनी से एसआई वाई. रेगमा, कांस्टेबल अजय कुमार, दिनेश कुमार यादव एवं धीरेन्द्र कुमार सिंह की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *