News 18 Plus /Bureau: Sinduri/Maharajganj
सिंदुरिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार सोनालिका ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पुल से जा टकराया। यह घटना झनझनपुर से सिंदुरिया जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित कसमरिया गांव के पास करीब सुबह 10 बजे हुई। हादसे की जोरदार आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर काफी तेज गति से चल रहा था। पुल के समीप पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सीधे पुल से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक की जान बच गई। हालांकि दुर्घटना के तुरंत बाद चालक ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, जिसे स्थानीय ग्रामीणों ने संभालते हुए यातायात को सामान्य कराया।
स्थानीय ग्रामीणों—ग्राम प्रधान संदेश पटेल, रईस, सोनू, बबलू, प्रदीप, ऋषिकेश, मिंटू और रंजीत—ने बताया कि यदि हादसे के समय वहां कोई राहगीर या अन्य वाहन मौजूद होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का चलन लगातार बढ़ रहा है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए, नियमित निगरानी की व्यवस्था हो तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेतक और सुरक्षा उपाय तत्काल लगाए जाएं।
फिलहाल इस दुर्घटना में चालक के अलावा किसी अन्य के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।