*निर्माणाधीन पोखरे में डूबकर तीन मासूमों की मौत, लापरवाही पर एक्शन—डीएम के निर्देश पर कंपनी पर एफआईआर!*

Bureau Report /News 18 Plus Rakesh Tripathi /Siswa Kothibar/ Chief Editor 

 

महराजगंज, 02 अगस्त 2026जनपद के थाना कोठीभार क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-25, मीराबाई नगर के पोखरा टोला स्थित एक निर्माणाधीन पोखरे में स्नान के दौरान तीन बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर कार्यदायी संस्था दीपक कंस्ट्रक्शन के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के आदेश जारी किए गए हैं।

 

रविवार को राजबीर (13), नीतीश यादव (14), रोहन (13) और कृष्णा रौनियार (15), सभी निवासी पोखरा टोला, निर्माणाधीन पोखरे में स्नान करने गए थे। इसी दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में डूब गए, जबकि राजबीर सुरक्षित बच निकला और उसने परिजनों को सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस एवं प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सुरक्षित बचे बच्चे राजबीर से मुलाकात कर उसका हाल जाना और उसे सांत्वना दी। साथ ही अस्पताल प्रशासन को काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्चा मानसिक आघात से उबर सके।

 

इसके बाद दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को गंभीर लापरवाही मानते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित कंपनी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही घटना की विस्तृत जांच के लिए टीम गठित करने का आदेश भी दिया गया है।

 

जिलाधिकारी ने जनपद में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की जांच कर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

प्रशासन ने मृतक बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और प्रत्येक परिवार को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उपजिलाधिकारी निचलौल को पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षा ऋतु में निर्माणाधीन या गहरे जलाशयों के पास बच्चों को अकेले न जाने दें और उनकी विशेष निगरानी रखें।

 

जिलाधिकारी ने दिवंगत बच्चों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *