*कटहरा में जलभराव और जर्जर सड़कों से जनजीवन बेहाल, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार!*

Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj 

 

महराजगंज। सदर ब्लॉक के ग्राम पंचायत कटहरा में जलभराव और बदहाल सड़कों की समस्या अब विकराल रूप ले चुकी है। लगातार हो रही बारिश के बीच गांव की प्रमुख सड़कों पर जलभराव और कीचड़ ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल जलनिकासी और सड़कों की मरम्मत की मांग की है।

 

ग्रामीणों के अनुसार शिवपुर, कटहरा चौराहा और चोरघटिया (आनंदनगर) को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों पर लंबे समय से पानी भरा हुआ है। वहीं रामनगर, आजाद नगर, समय स्थान और उसरहवा वन टांगिया टोला की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के कारण पैदल चलना तक दूभर हो गया है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ रहा है, जबकि वाहन चालकों को भी रोजाना जोखिम उठाना पड़ रहा है।

 

सावन माह के चलते स्थिति और गंभीर हो गई है। क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन मार्गों से गुजरते हैं, लेकिन सड़क पर भरे पानी और कीचड़ के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।

 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में आक्रोश और निराशा बढ़ती जा रही है।

 

ग्रामीण मिथिलेश सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन, समीर अंसारी, नरेंद्र गौंड, रामहरख, सिकंदर, रामबचन साहनी, मेवालाल, जीतन और मनोज गौतम सहित कई लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि शिवपुर, कटहरा चौराहा और चोरघटिया क्षेत्र में तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाए। साथ ही रामनगर, आजाद नगर, समय स्थान और उसरहवा वन टांगिया टोला की क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण कराकर शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *