*भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम, कद्दू लदे पिकअप के साथ एक गिरफ्तार!*

Bureau Report /Rakesh Tripathi /Nichlaul News 18 Plus /Chief Editor 

 

झुलनीपुर-अमड़ी पुल के पास पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, 34 बोरी कद्दू बरामद; कस्टम के हवाले किया गया वाहन व आरोपी

 

महराजगंज/निचलौल। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में निचलौल पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को मंगलवार को बड़ी सफलता मिली। मुखबिर की सूचना पर टीम ने झुलनीपुर सीमा क्षेत्र में घेराबंदी कर तस्करी के लिए ले जाए जा रहे कद्दू लदे एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया।

 

जानकारी के अनुसार, शीतलापुर पुलिस चौकी प्रभारी सूरज तिवारी पुलिस टीम के साथ सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक पिकअप में अवैध तरीके से कद्दू लादकर उसे सीमा पार तस्करी के लिए ले जाने की तैयारी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इसकी जानकारी सीमा सुरक्षा में तैनात एसएसबी जवानों को दी।

 

इसके बाद पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने झुलनीपुर नहर पटरी मार्ग पर अमड़ी पुल के समीप घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 34 बोरी कद्दू बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय चौधरी निवासी लक्ष्मीपुर, थाना ठूठीबारी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक बरामद कद्दू को सीमा पार ले जाने की तैयारी की जा रही थी।

 

संयुक्त टीम ने बरामद पिकअप, कद्दू की बोरियों और गिरफ्तार आरोपी को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए निचलौल कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया है। मामले में कस्टम विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार हो रही तस्करी की गतिविधियों के बीच पुलिस और एसएसबी की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *