*विदेशी पासपोर्ट के साथ भारतीय पहचान के कई दस्तावेज बरामद, इंडोनेशियाई महिला पर मुकदमा दर्ज!*

Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj

 

सोनौली इमिग्रेशन की जांच में खुलासा, अलग-अलग नाम और जन्मतिथि से बनवाए गए थे वोटर आईडी, आधार और दो पैन कार्ड; पुलिस ने शुरू की विस्तृत जांच।

 

 

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा के सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय में नियमित जांच के दौरान एक विदेशी महिला के कब्जे से भारतीय पहचान से जुड़े अलग-अलग नाम और जन्मतिथि वाले दस्तावेज मिलने का मामला सामने आया है। महिला की पहचान उसके इंडोनेशियाई पासपोर्ट के आधार पर रोहाना (Rohana) के रूप में हुई है। वहीं, उसके पास से मिले भारतीय वोटर आईडी कार्ड पर नाम ली किम लियन (Li Kim Lien) और पिता का नाम ली चिन सेन (Li Chin Sen) दर्ज पाया गया।

 

जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय में नियमित जांच के दौरान अधिकारियों ने एक महिला को संदेह के आधार पर रोका। जांच के दौरान महिला ने भारतीय वोटर आईडी प्रस्तुत किया, जिस पर कोलकाता के न्यू तांगरा रोड, तांगरा का पता अंकित था। महिला के हाव-भाव और बातचीत के आधार पर अधिकारियों को उसके विदेशी नागरिक होने का संदेह हुआ। पूछताछ और पासपोर्ट की जांच में उसकी पहचान इंडोनेशियाई नागरिक के रूप में हुई।

 

जांच के दौरान महिला के कब्जे से अलग-अलग नाम और जन्मतिथि पर बने भारतीय वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड तथा दो पैन कार्ड सहित कुल पांच दस्तावेज बरामद किए गए। इसके अलावा उसका इंडोनेशियाई पासपोर्ट भी मिला। इमिग्रेशन अधिकारियों ने महिला और बरामद दस्तावेजों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

 

प्राप्त तहरीर और दस्तावेजों के आधार पर सोनौली पुलिस ने भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेजों में कथित कूटरचना और उनके दुरुपयोग के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बरामद दस्तावेजों की प्रामाणिकता, उन्हें बनवाने के तरीके, उनके स्रोत और महिला द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल की गई अलग-अलग पहचानों की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *