*करमही के एसएस इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को लगा एचपीवी का टीका!*

Bureau Report/ Rajiv Tripathi /Siswa News 18 Plus /Co-Editor 

 

1600 विद्यार्थियों को दी गई कृमिनाशक दवा की खुराक, स्वास्थ्य विभाग ने स्वच्छता और टीकाकरण के प्रति किया जागरूक।

महराजगंज/सिसवा। तहसील क्षेत्र के करमही स्थित एसएस इंटर कॉलेज में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को विशेष टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान चलाया। अभियान के दौरान विद्यालय की 80 छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी का टीका लगाया गया, जबकि कक्षा एक से 12वीं तक के करीब 1600 छात्र-छात्राओं को पेट के कीड़ों से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल की खुराक दी गई।

 

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव में एचपीवी टीकाकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। छात्राओं को टीके की उपयोगिता और इसके महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को नियमित रूप से हाथ धोने, साफ-सफाई रखने, स्वच्छ पानी पीने तथा समय पर आवश्यक टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया।

 

अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने विद्यार्थियों को बताया कि पेट में होने वाले कृमि संक्रमण से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल की दवा उपयोगी है। बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करने तथा जरूरत पड़ने पर चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी गई।

 

विद्यालय परिसर में आयोजित स्वास्थ्य अभियान को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। विद्यालय प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार जताया। प्रधानाचार्य ने कहा कि स्वस्थ विद्यार्थी ही मजबूत समाज और सुरक्षित भविष्य की नींव होते हैं। विद्यालयों में इस तरह के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम बच्चों को बीमारियों से बचाने के साथ उनमें स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।

 

इस अवसर पर डॉ. आशुतोष पटेल, एएनएम तृप्ति, एएनएम कविता चौधरी, आशा रानी सहित विद्यालय का समस्त शिक्षण स्टाफ एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *