*महराजगंज बस स्टैंड से लापता महिला सकुशल बरामद, पति व मां को किया गया सुपुर्द!*

Bureau Report/ Rajiv Tripathi /Chowk News 18 Plus/ Co-Editor 

 

महराजगंज। थाना चौक पुलिस ने गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 27 वर्षीय महिला को महराजगंज बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद महिला को उसके पति भरत यादव और माता शशिकला के सुपुर्द कर दिया गया।

 

पुलिस के अनुसार, चौक थाना क्षेत्र के खोस्टॉ निवासी श्रीमूर्ति यादव की 27 वर्षीय पुत्री संजू यादव के संबंध में 8 अगस्त 2026 को गुमशुदगी संख्या 42/2026 दर्ज की गई थी। महिला की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में मंगलवार 11 अगस्त को सुबह करीब 8 बजे उसे महराजगंज बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया गया।

 

बरामद महिला ने अपने परिजनों के साथ जाने की इच्छा जताई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे उसके पति भरत यादव एवं माता शशिकला को सुपुर्द कर दिया।

 

गुमशुदा महिला की बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुजीत सिंह और महिला कांस्टेबल आरती यादव शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि गुमशुदा व्यक्तियों की सकुशल बरामदगी के लिए अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *