Bureau Report /Rajiv Tripathi Siswa Kothibar /News 18 Plus /Co-Editor
सिसवा/महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को कोठीभार थाना परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के साथ ही पूरे परिसर में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का वातावरण बन गया।
राष्ट्रध्वज को सलामी देने के बाद राष्ट्रगान की धुन से थाना परिसर गूंज उठा। मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पूरी निष्ठा के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प दोहराया। समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों में उत्साह और अनुशासन का विशेष भाव देखने को मिला।
इस मौके पर थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का अवसर भी है। पुलिस की जिम्मेदारी आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि कोठीभार पुलिस आमजन के विश्वास को बनाए रखने और क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल कायम रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान ईमानदारी, संवेदनशीलता और निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन पर पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रहित, जनसेवा और कानून व्यवस्था की मजबूती के लिए हर परिस्थिति में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।