न्यूज़ 18 प्लस ब्यूरो/ठूठीबारी
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध बिस्कुट बरामद किए। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार करते हुए पिकअप वाहन को भी कब्जे में ले लिया। बरामद बिस्कुट की कीमत करीब 2 लाख 91 हजार 600 रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल रवीन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 8:30 बजे एसएसबी रोड स्थित भरवलिया बंधे के पास संदिग्ध पिकअप UP56T4359 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पिकअप से MALKIST ब्रांड के बिस्कुट के 108 गत्ते बरामद हुए। प्रत्येक गत्ते में 60 पीस बिस्कुट बताए गए हैं। बरामद माल की कुल कीमत ₹2,91,600 आंकी गई।
पुलिस ने मौके से अखिलेश जायसवाल उर्फ स्नेही (26) पुत्र उमेश जायसवाल, निवासी लक्ष्मीपुर खुर्द, थाना ठूठीबारी, महराजगंज को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ धारा 113 कस्टम अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में लक्ष्मीपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार सिंह और कांस्टेबल गौरव पासवान शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।