महराजगंज: ठूठीबारी सीमा पर पगडंडियों से यूरिया तस्करी, वायरल फोटो ने खोली साठगांठ की पोल*

रिपोर्ट न्यूज़ 18 प्लस/ब्यूरो ठूठीबारी 

 

*कबाड़ कारोबार की आड़ में फल-फूल रहा तस्करी सिंडिकेट; साहू ट्रेडर्स के पास से नेपाल खाद भेजने का दावा, कटघरे में गश्त दावों की हकीकत*

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और प्रशासनिक गश्त के दावों को धत्ता बताते हुए ठूठीबारी क्षेत्र में यूरिया खाद की तस्करी का काला खेल बेधड़क जारी है। सीमावर्ती पगडंडियों और गुप्त रास्तों के जरिए भारतीय खाद की खेप नेपाल पहुंचाई जा रही है। हाल ही में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही एक तस्वीर ने सीमा पार चल रहे इस तस्करी सिंडिकेट और स्थानीय साठगांठ की परतें खोलकर रख दी हैं।

 

साहू ट्रेडर्स के पास खाद लोड होने का दावा, वायरल फोटो से हड़कंप:

 

वायरल तस्वीर में एक मोटरसाइकिल पर यूरिया की बोरियां लदी नजर आ रही हैं। इस खेप को छिपाने के लिए ऊपर से ‘साहू ट्रेडर्स’ मार्का लिखा बोरा ढका गया है। दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीर ठूठीबारी स्थित साहू ट्रेडर्स दुकान के पास की है, जहां से दिनदहाड़े यूरिया लादकर पगडंडियों के रास्ते नेपाल सीमा की ओर रवाना किया गया। हालांकि वायरल फोटो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसने सुरक्षा तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। न्यूज़ 18 प्लस समाचार पत्र वायरल फोटो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

 

कद्दू बीज जब्ती से बेनकाब हुआ ‘कबाड़ी’ कनेक्शन:

 

ठूठीबारी में तस्करी का यह कोई नया मामला नहीं है। बीते दिनों रंगहिया चौकी पुलिस ने एक पिकअप से 34 बोरी अवैध कद्दू बीज बरामद किया था। इस मामले में रंगहिया चौकी इंचार्ज सूरज तिवारी के बयान के अनुसार, शुरुआती जांच में पकड़ा गया माल क्षेत्र के ही एक चर्चित कबाड़ी का निकला। कबाड़ के कारोबार का नकाब ओढ़कर यह नेटवर्क लंबे समय से अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहा है।

 

गुप्त रास्तों पर काबिज सिंडिकेट, रोजाना नेपाल जा रही खाद:

 

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि कबाड़ धंधे की आड़ में पनपा यह नेटवर्क नो-मैन लैंड और सीमावर्ती चोर रास्तों की बारीक जानकारी रखता है। इसी सिंडिकेट की छत्रछाया में रोजाना यूरिया, बीज और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की बड़ी खेप सीमा पार भेजी जा रही है। अब देखना यह है कि प्रशासनिक महकमा इस वायरल फोटो का संज्ञान लेकर दोषियों और सिंडिकेट के सरगनाओं पर क्या कड़ी कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *