खेत में मिली युवक की लाश से सनसनी, हत्या की आशंका

खेत में मिली युवक की लाश से सनसनी, हत्या की आशंका!

 

पनियरा। महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर के बनिया टोला पट्टे चौराहे के पास रविवार सुबह खेत में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव गांगी-मुजुरी मार्ग से जुड़ी कच्ची सड़क के किनारे खेत में पड़ा था। मृतक की बाइक कुछ दूरी पर खड़ी मिली, जबकि दोनों पैरों के जूते चकरोड पर पड़े थे। परिस्थितियों को देखते हुए युवक की हत्या कर शव खेत में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।

 

ग्रामीणों ने सुबह खेत में शव पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पनियरा पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

 

मृतक की पहचान अजय कुमार पुत्र कैलाश प्रजापति, निवासी नगर पंचायत पीपीगंज के वार्ड नंबर 18 बुद्ध नगर, गोरखपुर के रूप में हुई है। उसकी जेब से मिले पर्स में 6,090 रुपये नकद, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुए हैं।

 

बताया गया कि अजय की शादी करीब पांच वर्ष पहले महराजगंज कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में हुई थी। उसकी तीन वर्ष की बेटी भी है। पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंची मृतक की मां जयंती देवी ने बताया कि शादी के करीब तीन माह बाद से उसकी बहू अंगीरा मायके में रह रही है और दहेज उत्पीड़न व खर्चे को लेकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। बीते शुक्रवार को इसी मुकदमे की तारीख भी थी।

 

मृतक की मां के अनुसार अजय गोरखपुर में रहकर किसी की गाड़ी चलाता था। वह रामपुर-पनियरा क्षेत्र में कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है। गांगी क्षेत्र में उसके कुछ दोस्त भी बताए जा रहे हैं। अजय दो भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता मिट्टी के बर्तन बनाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

 

घटना के बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। शव की स्थिति, बाइक की दूरी और चकरोड पर पड़े जूतों को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारण को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है।

 

थानाध्यक्ष पनियरा संजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *