बहादुरी बाजार में बाइक चोरी, पुलिस की चेकिंग व्यवस्था पर उठे सवाल! बाजार में खड़ी बाइक का ताला तोड़कर चोर फरार, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात।

न्यूज़ 18 प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के बहादुरी बाजार में शनिवार को दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बाजार में खरीदारी करने पहुंचे युवक की बाइक चोर ताला तोड़कर उठा ले गया। चोरी की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस की वाहन चेकिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए चोरी गई बाइक बरामद करने की मांग की है।

 

जानकारी के अनुसार सोनाबंदी निवासी सुनील कुमार शनिवार शाम करीब पांच बजे अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक संख्या यूपी 55 एफ 8902 से बहादुरी बाजार पहुंचे थे। उन्होंने बाइक बाजार में खड़ी की और खरीदारी करने चले गए। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो बाइक अपने स्थान से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चला।

 

पीड़ित के मुताबिक, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक अज्ञात व्यक्ति बाइक का ताला तोड़कर उसे लेकर जाता हुआ दिखाई दिया। इससे स्पष्ट है कि चोर ने मौका देखकर बाइक को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार हो गया।

 

घटना के बाद पीड़ित ने कोल्हुई थाने में तहरीर देकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर की पहचान करने, मुकदमा दर्ज करने तथा चोरी गई बाइक बरामद करने की मांग की है।

 

चेकिंग के बावजूद बाइक चोरी, उठे सवाल

 

बाइक चोरी की घटना को लेकर पीड़ित युवक ने क्षेत्र में चल रही पुलिस की वाहन चेकिंग व्यवस्था पर सवाल उठाया है। उसका कहना है कि यदि पुलिस क्षेत्र में लगातार वाहनों की जांच कर रही थी, तो चोरी की बाइक लेकर चोर बाजार से बाहर कैसे निकल गया। अब लोगों की निगाह पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।

 

पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान कर उसे गिरफ्तार करना और चोरी गई बाइक बरामद करना है। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *