आधी रात सड़क पर टहलता दिखा तेंदुआ, निचलौल में मचा हड़कंप

रिपोर्ट ब्यूरो निचलौल

 

निचलौल। नगर पंचायत निचलौल के मियां मोहल्ले में सोमवार की रात करीब 12:30 बजे सड़क पर तेंदुआ दिखाई देने से इलाके में दहशत फैल गई। देर रात सड़क पर टहलते तेंदुए की तस्वीर मोहल्ले के एक व्यक्ति ने अपने दरवाजे से मोबाइल कैमरे में कैद कर ली। बाद में तस्वीर देखने पर लोगों को जंगली जानवर के तेंदुआ होने की जानकारी हुई।

 

तेंदुए के आबादी वाले इलाके में पहुंचने की खबर फैलते ही मोहल्ले में भय का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जंगलों से निकलकर जंगली जानवर अब आबादी वाले ग्रामीण और मोहल्लाई क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं। भोजन की तलाश में इनके द्वारा कुत्ते, बिल्ली और बकरियों जैसे पालतू पशुओं को शिकार बनाए जाने की घटनाओं को लेकर भी लोगों में चिंता है।

 

मोहल्लेवासियों का कहना है कि आबादी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से बच्चों, बुजुर्गों और देर रात आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ गया है। तस्वीर सामने आने के बाद आसपास के लोगों में भी सतर्कता बढ़ गई है और लोग रात में अकेले बाहर निकलने से बच रहे हैं।

 

लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि कराने और आवश्यकता के अनुसार उसे आबादी से दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। आधी रात सड़क पर तेंदुए के घूमने की तस्वीर सामने आने के बाद मियां मोहल्ले समेत आसपास के इलाकों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *