छात्राओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर एसडीएम की पैनी नजर, कस्तूरबा विद्यालय का औचक निरीक्षण!

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय 

 

निचलौल। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय टिकुलहियां में सोमवार को एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता के औचक निरीक्षण से विद्यालय प्रशासन में खलबली मच गई। एसडीएम ने छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता से लेकर सुरक्षा इंतजामों तक का बारीकी से जायजा लिया और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने सबसे पहले विद्यालय की रसोई का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, रसोई की साफ-सफाई तथा खाद्य सामग्री के रखरखाव की स्थिति देखी। उन्होंने जिम्मेदारों से भोजन की व्यवस्था और सामग्री के भंडारण की जानकारी लेते हुए स्वच्छता के मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा।

 

इसके बाद उन्होंने पूरे विद्यालय परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। परिसर में छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय में साफ-सुथरा वातावरण बनाए रखना प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर कमी मिलने पर तत्काल सुधार कराया जाए।

 

सीसीटीवी की निगरानी व्यवस्था भी परखी

 

छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एसडीएम ने विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी जांची। उन्होंने जिम्मेदारों से कैमरों की संख्या, उनकी कार्यशीलता और निगरानी व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवासीय विद्यालय में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

एसडीएम ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने जिम्मेदारों को निर्देश दिया कि छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल के साथ स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

 

एसडीएम के औचक निरीक्षण के बाद विद्यालय प्रशासन में भी सक्रियता बढ़ गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्राओं की सुविधा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *