*कट पर गलत दिशा से मुड़ी पिकअप, बाइक से भिड़ी; बच्ची समेत दो की हालत गंभीर!*

Bureau Report /News 18 Plus /Shyamdeora

 

परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में परतावल-गोरखपुर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति और उसके साथ मौजूद बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा डाइनिंग वेन्यू के पास कट पर करीब 2:30 बजे हुआ। दोनों घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

 

जानकारी के अनुसार, परतावल की ओर से एक बाइक सवार जा रहा था। इसी दौरान कट के पास एक पिकअप चालक कथित रूप से गलत दिशा से आकर मुड़ने का प्रयास करने लगा। इसी बीच बाइक पिकअप की चपेट में आ गई। दोनों वाहनों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

 

हादसे में बाइक सवार व्यक्ति और उसके साथ बैठी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परतावल पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया।

 

सीएचसी में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।

 

खबर लिखे जाने तक घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी। चौकी प्रभारी आलोक राय ने बताया कि पुलिस घायलों की पहचान कराने के साथ ही हादसे के कारणों और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *