Bureau Report /News 18 Plus Rakesh Tripathi /Maharajganj /Chief Editor
महराजगंज। विकास भवन सभागार में सोमवार को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों-सहायिकाओं तथा महिला कल्याण विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने की।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश की करीब 3.1 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की गई है। इसके तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का मानदेय बढ़ाकर ₹12,000 तथा सहायिकाओं का मानदेय ₹6,000 प्रतिमाह किए जाने की घोषणा हुई है। इसके साथ ही दोनों को ₹5 लाख तक का कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस का लाभ भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इन घोषणाओं से जमीनी स्तर पर कार्यरत आंगनबाड़ी कर्मियों को आर्थिक राहत के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा भी मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं से इसी उत्साह और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। मानदेय में वृद्धि से लाखों परिवारों में खुशी का माहौल है और इससे कर्मियों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा मिलेगी।
समारोह में 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को साड़ी तथा 10 कार्यकर्त्रियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं सैम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आए पांच बच्चों को पोषण किट प्रदान की गई। महिला कल्याण विभाग के वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर ऋचा मिश्रा एवं दत्तक ग्रहण केंद्र की केंद्र प्रबंधक अपर्णा सिंह को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण पत्र दिया गया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के 20 लाभार्थी बच्चों को ₹7,500 की त्रैमासिक किश्त के चेक प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।